हलिया (मिर्जापुर)। आकांक्षी ब्लॉक हलिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुबाव कलाँ(गढ़वा) में पशु चिकित्साधिकारी डॉ कमलेश मित्तल,सीएम फेलो गौरव सिंह के द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत पशुधन स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मंगलवार को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा मवेशियों में फैलने वाली गंभीर बीमारी (खुरपका-मुहपका) से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया।पशुपालन विभाग की टीम द्वारा सर्वप्रथम सुबाव कलाँ गौशाला पर पशुओं को टीका लगाया गया तत्पश्चात ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुपालकों को जागरूक किया गया तथा गाय,भैंस,बकरी एवं अन्य पशुओं को टीका लगाया गया। अभियान के दौरान पशुपालकों को बताया गया कि यह टीकाकरण राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखना तथा पशुधन उत्पादन को बढ़ावा देना है।टीकाकरण के दौरान पशुपालकों से आधार एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीयन किया गया तथा ओटीपी सत्यापन के जरिए टीकाकरण की डिजिटल एंट्री सुनिश्चित की गई, जिससे रिकॉर्ड पारदर्शी एवं सटीक बने रहें।अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को पशुओं के नियमित टीकाकरण, स्वच्छता तथा उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया। पशुपालकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण कराने में सहयोग दिया।सीएम फेलो गौरव सिंह द्वारा बताया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण एवं पशुधन विकास से जुड़े विभिन्न संकेतकों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।