गैस एजेंसी पर लटका मिला ताला, लकड़ी के चूल्हे पर लौटी रसोई

Share

दुद्धी, सोनभद्र। नगर में रसोई गैस का संकट दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। मंगलवार को स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इंडियन गैस एजेंसी पर ताला लटका मिला और उपभोक्ता घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर बुकिंग के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल रही, जबकि मोबाइल पर ‘डिलीवरी’ का संदेश भेजकर गुमराह किया जा रहा है। मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर जमा रहे, लेकिन एजेंसी बंद होने से आक्रोश फैल गया। अवधेश जोहरी, सत्यनारायण, सत्येंद्र, ईश्वरी, संजय गुप्ता, राहुल और रोहित जायसवाल सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार बहाने बनाकर लौटा दिया जाता है। उनका कहना है कि मंगलवार को एजेंसी कभी बंद नहीं रहती थी, इसके बावजूद बिना सूचना के ताला लगा मिला। गैस की कमी के कारण लोग फिर से पुराने दौर में लौटने को मजबूर हैं और लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बना रहे हैं। इससे सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को हो रही है। वहीं, बिजली आपूर्ति बाधित होने से वैकल्पिक साधन भी बेअसर साबित हो रहे हैं। नगर में अन्य गैस एजेंसियों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है, जिससे संकट और गहराता जा रहा है। इस बीच कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने गैस एजेंसी के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल सुचारू कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *