गाजीपुर । जनपद गाजीपुर में रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण को लेकर चल रही अंतिम परीक्षाओं का आज पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा द्वारा निरीक्षण किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन गाजीपुर में आयोजित आर.टी.सी. (Recruit Training Course) की अंत: विषयों की अंतिम परीक्षा 17 मार्च से 25 मार्च 2026 तक संचालित हो रही है।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि इंडोर परीक्षाएं पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएं। साथ ही अनुशासन और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन्स शुभम वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स, आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होगी।