लखनऊ। बीरबल साहनी मार्ग स्थित खाटू श्याम मंदिर में गुरुवार को वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का दरबार देश के विभिन्न शहरों से मंगाए गए ताजे एवं सुगंधित फूलों से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/मंदिर के महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष बाबा श्याम का विशेष “फूल बंगला” कोलकाता, बेंगलुरु, दिल्ली से मंगाए गए पर्पल डेजी, लाल एंथूरियम, जूही, मोगरा, 108 पंखुड़ियों वाला कमल, ऑर्किड और टाटा रोज सहित विभिन्न प्रकार के ताजे फूलों से सजाया गया। श्याम बाबा को 56 भोग एवं विभिन्न प्रकार के फलों का भोग लगाया गया। कृत्रिम फूलों का प्रयोग किए बिना तैयार किया गया यह दिव्य एवं अलौकिक दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।उत्सव का शुभारंभ प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके उपरांत कानपुर से पधारे प्रसिद्ध पाठ वाचक कृष्ण कुमार तुलस्यान के सान्निध्य में श्री श्याम अखण्ड ज्योत पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें 400 श्री श्याम भक्तों ने सामूहिक रूप से श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पाठ किया। पूरा मंदिर परिसर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” के जयघोष और श्याम नाम के संकीर्तन से भक्तिमय हो उठा।पाठ के समापन पर कृष्ण कुमार तुलस्यान ने सभी श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक आरती कराई। एक साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं के हाथों में प्रज्वलित दीप, शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और बाबा श्याम के जयकारों के बीच आरती का दृश्य अत्यंत मनोहारी एवं अलौकिक था। यह दिव्य नजारा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।मंदिर के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मंदिर समिति द्वारा दर्शन, प्रसाद वितरण, सुरक्षा एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, श्याम नाम संकीर्तन और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। रात्रि में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे उत्सव के दौरान मंदिर परिसर बाबा श्याम की भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर रहा।