11 महीनों के कठिन तप के बाद देश सेवा को तैयार भदोही के जांबाज

Share
एक साथ बैठकर भोजन किया, अधिकारियों और जवानों के बीच की दूरी हुई कम, मजबूत टीम भावना का हुआ संचार
भदोही। पुलिस लाईन ज्ञानपुर के मैदानों पर पिछले 11 महीनों से पसीना बहा रहे रिक्रूट आरक्षियों का आधारभूत प्रशिक्षण अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। आगामी 20 अप्रैल को होने वाली भव्य पासिंग आउट परेड से पूर्व पुलिस लाइन में एक यादगार बड़ा खाना का आयोजन किया गया, जो इन भावी जवानों के कठिन परिश्रम और अनुशासन के प्रति एक सम्मान था। अधिकारियों ने स्वयं भोजन परोस कर बढ़ाया जवानों का मान। इस खास मौके पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने स्वयं अपने हाथों से रिक्रूट आरक्षियों को भोजन परोसा। अधिकारियों के इस अपनत्व भरे व्यवहार ने जवानों में नया जोश भर दिया। जिलाधिकारी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि 11 महीने का यह कड़ा प्रशिक्षण ही उन्हें एक बेहतर पुलिसकर्मी और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। भावुक क्षण और उज्ज्वल भविष्य की कामना। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने रिक्रूटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इन जवानों ने सर्दी, गर्मी और बरसात की परवाह किए बिना 11 महीनों तक जो कड़ा अभ्यास किया है उसका फल अब देश सेवा के रूप में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि बड़ा खाना केवल एक सामूहिक भोज नहीं बल्कि पुलिस परिवार की एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी लाइन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों सहित ट्रेनिंग स्टॉफ ने भी शिरकत की। पूरे पुलिस महकमे ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिससे अधिकारियों और जवानों के बीच की दूरी कम हुई और एक मजबूत टीम भावना का संचार हुआ।
11 महीनों की कठोर ट्रेनिंग के बाद, अब ये जांबाज आरक्षी आगामी 20 अप्रैल को अपनी पासिंग आउट परेड के माध्यम से औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली अंग बन जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *