बीना, सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) में मंगलवार को बदलते मीडिया परिदृश्य में प्रभावी संचार और जनसंपर्क विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य वक्ता एनटीपीसी लिमिटेड के पूर्व महाप्रबंधक (नैगम संचार) के.एम. प्रशांत ने प्रभावी संचार, मीडिया प्रबंधन और जनसंपर्क के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/the-consumer-commission-settled-the-matter-by-giving-a-cheque-of-rs-55040/उन्होंने कहा कि सूचना के इस दौर में केवल जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समयबद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय संवाद ही किसी भी संस्थान की साख मजबूत करता है। उन्होंने डिजिटल, सोशल और पारंपरिक मीडिया के समन्वय, संकट के समय मीडिया प्रबंधन, कंटेंट निर्माण, संस्थागत ब्रांडिंग तथा जनसंपर्क की नैतिकता पर भी प्रकाश डाला। उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि प्रभावी संचार संगठन की सफलता का आधार है और बदलते समय में संप्रेषण कौशल का विकास आवश्यक है। कार्यशाला में पत्रकारों ने भी स्थानीय पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में एनटीपीसी और स्थानीय मीडिया के बीच बेहतर समन्वय एवं रचनात्मक सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समन्वय उप महाप्रबंधक (ईडीसी) राहुल प्रसाद ने किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी प्रभावी संचार, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जनसंपर्क जैसे विषयों पर नियमित प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यशाला में एनटीपीसी के अधिकारी एवं स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।