धामपुर/बिजनौर। धामपुर नगर में कथित रूप से झोलाछाप चिकित्सक की लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है। प्रसव के लिए भर्ती कराई गई 26 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल संचालक और स्टाफ मौके से फरार हो गया, जिससे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद परिजनों को कानूनी कार्रवाई के लिए राजी किया गया।read more:https://pahaltoday.com/pm-modi-explained-the-importance-of-every-vote-and-said-that-everyone-should-use-their-vote/
जानकारी के अनुसार स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मुकरपुरी निवासी आरती (26) पत्नी नितिन को प्रसव पीड़ा होने पर धामपुर के लक्ष्मी नगर स्थित साई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल में लगातार लापरवाही बरती गई, जिसके चलते रविवार तड़के आरती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान आरती ने एक बच्ची को जन्म दिया। दंपति की पहले से भी एक बेटी है। महिला की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल संचालक अपने स्टाफ सहित अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान यह भी आरोप लगाया गया कि अस्पताल पक्ष की ओर से कुछ लोग समझौते का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के पक्ष में नहीं थे, लेकिन पुलिस के समझाने पर वे तैयार हो गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया गया। घटना ने एक बार फिर जिले में कथित झोलाछाप चिकित्सकों के संचालन और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिना पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जिन पर प्रभावी निगरानी की आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।