स्योहारा (बिजनौर)।स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित अधीक्षक डॉ. बी.के. स्नेही के सरकारी आवास में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक जहरीला सांप निकल आया। आवास के भीतर सांप को रेंगते देख वहां मौजूद परिजनों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
जिले में बैठक में थे अधीक्षक, फोन पर दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सीएचसी अधीक्षक डॉ. बी.के. स्नेही जिला मुख्यालय बिजनौर में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की माइक्रोप्लानिंग बैठक में प्रतिभाग करने गए हुए थे। इसी दौरान आवास पर सांप दिखाई देने की सूचना अस्पताल कर्मियों को मिली। कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल स्योहारा में सांप पकड़ने में माहिर सर्पमित्र मनोज रघुवंशी को फोन कर मौके पर बुलाया।
सावधानीपूर्वक किया गया सफल रेस्क्यू
सूचना मिलते ही मनोज रघुवंशी अपने जरूरी उपकरणों के साथ तुरंत अधीक्षक आवास पहुंचे। उन्होंने बिना किसी देरी के बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्होंने जहरीले सांप को सुरक्षित पकड़कर डिब्बे में बंद कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद आवास पर मौजूद लोगों व अस्पताल स्टाफ ने राहत की सांस ली। बाद में सांप को आबादी से दूर सुरक्षित प्राकृतिक परिवेश (जंगल) में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और पड़ोसियों की भीड़ लगी रही। इस मौके पर मुख्य रूप से एचआई राजेश कुमार, आईओ वीर सिंह, एचएस महिपाल सिंह, फार्मासिस्ट प्रदीप रावत, योगेश कुमार, हरीश कुमार, जितेंद्र रावत, सुनील कुमार, विकास कुमार, मनोज कुमार सहित सीएचसी का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। समय रहते सांप के पकड़े जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।