उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित 

Share
भदोही। उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में जनपद के टॉप-10 विद्यार्थियों की सूची में मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना, सुरियावां का दबदबा देखने को मिला। जिले के टॉप-10 में शामिल 10 विद्यार्थियों में से 7 छात्र-छात्राएं इसी मदरसे के रहे, जिससे मदरसे में खुशी का माहौल है।
मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना, सुरियावां की छात्रा सिदरा फातिमा ने 84.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मदरसे के छात्र समीर ने तृतीय, शहनाज बानो ने चतुर्थ, सबा अंसारी ने पंचम, कनीज फातिमा ने छठवां, सानिया ने आठवां तथा बिलाल अहमद ने जनपद में दसवां स्थान प्राप्त कर अपने मदरसे और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस शानदार उपलब्धि पर मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना के प्रधानाचार्य मोहर्रम अली ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मदरसा शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/international-yoga-day-program-organized-in-the-district-jail/ मदरसे के सदर रऊफ अंसारी ने कहा कि बच्चों की सफलता पूरे सुरियावां क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वहीं मैनेजर इजराइल अंसारी ने कहा कि संस्था आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। सुरियावां चैयरमैन विनय चौरसिया व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वसीम अंसारी ने भी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिले के टॉप-10 में 7 विद्यार्थियों का एक ही मदरसे से होना संस्था की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये बच्चे आने वाले समय में क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे। मदरसे में सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया तथा अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *