सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आरिफ सिद्दीकी ने शनिवार को क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मरौचा, तेलवारी, सरदहा, बरौलिया, मेलारायगंज, भवानीपुर ददरौली, किसुन्दासपुर, बदोसराय और तुरकानी केंद्रों का जायजा लिया। अधीक्षक ने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, उपस्थिति पंजिका और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जांच की। दो केंद्रों पर तैनात सीएचओ अनुपस्थित मिले, जबकि अन्य केंद्रों पर कर्मचारी उपस्थित पाए गए। अनुपस्थित सीएचओ पर नाराजगी जताते हुए अधीक्षक ने स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने की बात कही। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और निरीक्षण में मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।