सहारनपुर। समाज सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से किरण हॉस्पिटल में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए संवेदना ट्रस्ट तथा उसके पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। किरण हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हिमांशु शर्मा (एमबीबीएस, एमडी) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संवेदना ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना की गई। ट्रस्ट को रक्तदान शिविरों के आयोजन, निशुल्क चिकित्सा शिविरों, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सेवा कार्यों, पशु-पक्षियों के उपचार, राहगीरों के लिए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, गौरैया संरक्षण अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास पुंडीर को उनके नेतृत्व, समाज सेवा के प्रति समर्पण एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।read more:https://pahaltoday.com/aarohi-became-dm-for-a-day-boosted-the-morale-of-the-girl-students/ वहीं संस्था की महिला शक्ति के रूप में सीमा पालीवाल और डॉ. दिव्या को भी उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान और सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने कहा कि संवेदना ट्रस्ट लगातार समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा में जुटा हुआ है। संस्था द्वारा मानव सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और पशु-पक्षियों की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायक हैं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे संगठन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं और लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाते हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद ट्रस्ट अध्यक्ष विकास पुंडीर ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संवेदना ट्रस्ट भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेगा। समारोह के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों और गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।