सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दिया।समारोह के दौरान ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रंग-बिरंगे गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें शिक्षित एवं सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव तथा प्रभागीय वन अधिकारी कैमूर वन्यजीव प्रभाग आरुषि मिश्रा ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। समारोह में कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी के आदर्शों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और बेटियों के सम्मान एवं सशक्तिकरण के संदेश से सराबोर नजर आया।