म्योरपुर (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के करहिया गांव में शनिवार को खाना बना रही महिला पर उसके पति द्वारा घर में रखी बाल्टी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला की प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद फरार आरोपी पति को म्योरपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के करीब 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बाल्टी भी बरामद की है।करहिया गांव निवासी संतलाल पुत्र स्व. मेहीलाल गोंड़ का शनिवार को किसी बात को लेकर पत्नी पानमति (30) से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान संतलाल ने घर में रखी बाल्टी से पत्नी पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पानमति की चीख-पुकार सुनकर धान की रोपाई के लिए जा रहे परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया।readmore:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। चिकित्सकीय मेमो के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। बताया गया कि मृतका के तीन बच्चे हैं। परिवार में पति-पत्नी और तीन बच्चों के अलावा एक वृद्ध मां भी रहती है, जो दृष्टिबाधित बताई जा रही है। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद तीन बच्चों के लालन-पालन को लेकर ग्रामीणों में चिंता है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज होने के करीब 10 घंटे के भीतर रविवार सुबह आरोपी संतलाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बाल्टी भी बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष म्योरपुर संतोष कुमार सिंह, लिलासी चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक परमानन्द त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव एवं कांस्टेबल रामजीत बिन्द शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।