सहारनपुर। छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक चिंतित है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद युवाओं को निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों अभ्यर्थियों के सपनों को झटका लगा है, लेकिन सरकार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला होती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में शिक्षा को सेवा के बजाय कारोबार का रूप दिया जा रहा है। गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए बड़ी कीमत चुका रहे हैं, जबकि सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे और गुणवत्ता सुधार पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही। इमरान मसूद ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीट समेत कई परीक्षाओं को लेकर बार-बार विवाद सामने आ रहे हैं। इससे छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है और युवाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की मांग है।read more:https://pahaltoday.com/a-unique-initiative-by-the-teachers-of-pm-shri-samvilian-vidyalaya-to-show-family-like-affection-towards-the-students/ सांसद ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि निष्पक्ष अवसर चाहता है। आज लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं के सामने भी रोजगार का संकट बना हुआ है। ऐसे में सरकार को शिक्षा और रोजगार दोनों क्षेत्रों में गंभीर सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की आवाज लगातार उठाती रहेगी और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, सुलभ तथा रोजगारोन्मुख बनाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, जावेद साबरी, गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, संदीप वर्मा, रईस मलिक, सुदेश प्रधान, इमरान कुरैशी, डॉ. माजिद, हरिओम मिश्रा, प्रभजीत सिंह लांबा, नसीब खान, मयंक शर्मा, सागर राणा, शाहबाज आजाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।