देवबंद। समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत में मंगलवार को प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर जमकर राजनीतिक हमला बोला गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने शिक्षा, रोजगार, छात्र हितों और हालिया घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। देवबंद में आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश के छात्र और युवा आज सबसे अधिक परेशान हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के सपनों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं को अवसर मिलने चाहिए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लखनऊ में हुए अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य होना चाहिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की आवश्यकता महसूस की जा रही है और जनता वैकल्पिक नेतृत्व की ओर देख रही है।read more:https://pahaltoday.com/shailendra-kumar-dwivedi-a-pharmacist-posted-at-the-community-health-center-visheshwarganj-became-the-district-president-of-the-health-department/उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ी जा रही है। कार्यक्रम में देवबंद विधानसभा से सपा के पूर्व प्रत्याशी कार्तिकेय राणा ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र, युवा और किसान सबसे अधिक प्रभावित हैं और उन्हें राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने की। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख चैधरी परविंदर सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रमेश पंवार, सपा नेत्री रूही अंजुम, जसवीर वाल्मीकि, राव कारी साजिद, सुखपाल राणा, दीपक राणा, मनोज त्यागी, गुफरान अंसारी, साजिद अंसारी, अमित चैधरी और अमित खारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी आने वाले समय में युवाओं, छात्रों और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी।