*नीब करोरी बाबा के नाम से बनेगा आध्यात्मिक सर्किट*

Share
*फिरोजाबाद*। नीब करोरी बाबा के महासमाधि दिवस पर प्रदेश सरकार ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की पहल की है। पर्यटन विभाग बाबा के जीवन और उनसे जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित कर रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं।
इस सर्किट में फिरोजाबाद के अकबरपुर स्थित बाबा की जन्मस्थली, फर्रुखाबाद का नीब करोरी आश्रम धाम मंदिर, वृंदावन स्थित समाधि मंदिर और लखनऊ का हनुमान सेतु मंदिर शामिल किया गया है। वृंदावन में वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी।
अकबरपुर में पर्यटन सुविधाओं के विकास पर फेज-1 में 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। फेज-2 की 2.22 करोड़ रुपये की परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी प्रस्तावित है। फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास पर 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है।अकबरपुर में बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक, प्रदर्शनी हॉल, डाइनिंग हॉल, कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए डॉरमेट्री विकसित की जा रही है। ग्रामीण पर्यटन परियोजना में प्रवेश द्वार, साइनेज और म्यूरल वॉल समेत अन्य सुविधाएं विकसित होंगी।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
*दिल्ली और लखनऊ से चलेंगे टूर*
महासमाधि दिवस के अवसर पर यूपीएसटीडीसी ने बाबा नीब करोरी के नाम से पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इनमें दो, तीन और पांच दिन की यात्राएं शामिल हैं। श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार इनका संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बाबा का आस्था, सादगी और सेवा का संदेश आज भी देश-विदेश के लोगों को प्रेरित करता है। सरकार उनकी विरासत को संरक्षित करने के साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने कहा कि नया आध्यात्मिक सर्किट श्रद्धालुओं को बाबा के जीवन, साधना और विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों तक पहुंचने का एक व्यवस्थित माध्यम उपलब्ध कराएगा। टूर पैकेज की जानकारी के लिए यूपीएसटीडीसी के नंबर +91 91490 99890 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *