भदोही। डीएम शैलेश कुमार के निर्देश पर जनपद में 7 से 21 सितंबर तक 15 दिवसीय विशेष निर्विवाद वरासत अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मृतक खातेदारों के विधिक उत्तराधिकारियों के नाम खतौनी में दर्ज कराना है। अभियान के पहले दो दिनों में ही जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 381 मामलों का निस्तारण किया गया है। इसमें तहसील भदोही में सबसे अधिक 310, ज्ञानपुर में 48 और औराई में 23 निर्विवाद वरासत दर्ज की गई हैं। डीएम ने निर्देश दिया है कि सभी गांवों में मृतक खातेदारों के उत्तराधिकारियों का सत्यापन कर समयबद्ध तरीके से वरासत दर्ज की जाए। गुणवत्ता जांच के लिए नायब तहसीलदार द्वारा 20 प्रतिशत, तहसीलदार द्वारा 10 प्रतिशत और एसडीएम द्वारा 5 प्रतिशत मामलों का स्थलीय व अभिलेखीय सत्यापन किया जाएगा। डीएम ने चेतावनी दी है कि अभियान समाप्ति के बाद यदि किसी गांव में निर्विवाद वरासत लंबित मिली तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी मृतक खातेदार की वरासत अभी तक दर्ज नहीं हुई है तो अपने लेखपाल या तहसील कार्यालय से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर लें।