छुटमलपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब दो माह के दौरान चोरों ने कई मकानों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ किया है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी बड़ी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। विगत रात्रि फतेहपुर कलसिया मार्ग पर स्थित ठाकुर चंद्रपाल आईटीआई में लगे मशरूम उत्पादन केंद्र से चोरों ने स्टार्टर, कंप्रेसर व रेडिएटर आदि खोलकर तांबे के तार व अन्य सामान चोरी कर लिए हैं। आईटीआई अध्यक्ष सूर्यकांतसिंह ने बताया कि चोरी गए तांबे का वजन लगभग 90 किलो है। चोर चिलिंग प्लांट के अन्य सामान में तोड़फोड़ भी कर गए हैं। चोरी की तहरीर थाना फतेहपुर में दी गई है। इससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में 3 जुलाई को देहरादून रोड स्थित बंसल आयरन स्टोर में चोर दीवार तोड़कर अंदर घुस गए थे। चोर दुकान से करीब 1 लाख 22 हजार रुपये की नकदी तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे पहले 27 मई को फतेहपुर की कृष्ण धाम कॉलोनी निवासी अमनदीप के मकान को चोरों ने निशाना बनाया था।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर अलमारी में रखे 30 हजार रुपये नकद, सोने का गले का सेट, नथ, टीका, दो अंगूठियां, मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे। इस मामले में भी पुलिस अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। वहीं 12 मई को फतेहपुर तिराहे पर फैसल के घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से 10 हजार रुपये की नकदी, दो गैस सिलेंडर और कीमती जेवरात चोरी कर ले गए थे। इस घटना का भी आज तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस द्वारा किसी भी मामले का खुलासा न होने से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में रोष है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधिकारियों से चोरी की सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।