फिरोजाबाद*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना शिकोहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रसूलपुर के गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शेषपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से टप्पेबाजी में ठगे गए सोने के आभूषण, 5 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।read more:https://pahaltoday.com/american-president-under-siege/
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शेषपाल पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जौनई, थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा पर विभिन्न जनपदों में करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना रसूलपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस ने बताया कि 27 जून 2026 को आरोपी ने शिकोहाबाद क्षेत्र में एक व्यक्ति को अपनी बातों में फंसाकर मोटरसाइकिल पर बैठाया और बहला-फुसलाकर उसकी एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स तथा 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। जाते समय उसने पीड़ित की जेब में खाली पर्स रख दिया था।इस संबंध में पीड़ित सुभाषचंद्र निवासी सिरसागंज की तहरीर पर थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 1 जुलाई को छिछामई नहर पुल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से ठगी गई नकदी, आभूषण और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। इस संबंध में थाना शिकोहाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, शेषपाल लोगों को झांसे में लेकर रुपये और आभूषण हड़पने का अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, धोखाधड़ी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के करीब 24 मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।