वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी फहीमुर्रहमान का इंतकाल: स्योहारा में शोक की लहर, कल जुमे की नमाज के बाद होगा सुपुर्द-ए-खाक

Share
स्योहारा । कांग्रेस के जिला सचिव व नगर के प्रतिष्ठित कुरी हाउस घराने के वरिष्ठ राजनेता चौधरी फहीमुर्रहमान (65 वर्ष) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम दर्शन के लिए कुरी हाउस पर सभी दलों के नेताओं, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों का तांता लग गया।चौधरी फहीमुर्रहमान लंबे समय तक कांग्रेस के नगर अध्यक्ष रहे और वर्तमान में जिला सचिव पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वे श्री डी.आर. दानी महिला महाविद्यालय के संरक्षक, बिड़ला पब्लिक कन्या इंटर कॉलेज समिति के सदस्य तथा प्रेस क्लब स्योहारा के संरक्षक भी रहे। नगर की कई जानी-मानी राजनीतिक हस्तियों ने शुरुआती दौर में इसी घराने से मार्गदर्शन पाया, जिसके चलते दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हर वर्ग और पार्टी के लोग उनका बेहद सम्मान करते थे।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/
गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम एकता के अलंबरदार
चौधरी फहीमुर्रहमान क्षेत्र में कौमी एकता की मिसाल थे। नगर में किसी भी धार्मिक आयोजन या शोभायात्रा में वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके आवास के सामने से गुजरने वाली हर शोभायात्रा का वे खुद स्वागत करते और जलपान का प्रबंध कराते थे। वहीं, होली के रंगों के जुलूस में भी वे हर साल शामिल होकर आपसी भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश करते थे।
कल किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक
परिजनों के अनुसार, उनके पुत्र के विदेश में होने के कारण अंतिम संस्कार (तदफीन) शुक्रवार को किया जाएगा। कल जुमे की नमाज के उपरांत उन्हें इस्लाम नगर स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, पत्रकार संगठनों और नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *