भदोही। आल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोशिएशन (एकमा) और इंटरटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से बुधवार को नगर के मर्यादपट्टी स्थित कालीन भवन के एकमा सभागार में कालीन निर्माताओं और निर्यातकों के लिए जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ एकमाध्यक्ष उमेश गुप्ता मुन्ना ने किया। इस दौरान एकमाध्क्ष उमेश गुप्ता मुन्ना ने निर्यातकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला निर्यातकों की मांग पर अमेरिकी बाजार में निर्यात से जुड़े जरूरी प्रमाणपत्रों और अनुपालनों की सही जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। संगोष्ठी में अमेरिकी बाजार में कालीन और दरी के निर्यात के लिए जरूरी अनुपालनों, उपभोक्ता उत्पाद सुरक्षा आयोग ई-पत्रावली, सामान्य अनुरूपता प्रमाणपत्र और ज्वलनशीलता परीक्षण की आवश्यकताओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ एकमा के मानद संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी ने भी कार्यशाला पर अपने विचार रखे। इंटरटेक इंडिया की ओर से मोहित राठौर, संजय कुमार और प्रसन्ना मिश्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अमेरिकी बाजार के लिए आवश्यक उत्पाद सुरक्षा और अनुपालन मानकों के बारे में बताया।कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें निर्यातकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष रवि पाटोदिया, अरशद वजीरी, तनवीर हुसैन, हाजी अशफाक अहमद अंसारी, हाजी इस्तियाक अहमद खां, हाजी अब्दुल सत्तार अंसारी, एजाज अहमद अंसारी, अमित कुमार मौर्य, शाहिद जमाल अंसारी, आरके बोथरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।