बाराबंकी। राजकीय इंटर कॉलेज (ऑडिटोरियम) में शनिवार को ‘शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन विधान परिषद सदस्य इंजी. अवनीश कुमार सिंह के संयोजन में हुआ। समारोह में लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षकों के योगदान का सम्मान करना वास्तव में शिक्षा और संस्कारों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सम्मान एवं हितों के प्रति सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विधान परिषद सदस्य इंजी. अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। सेवानिवृत्त शिक्षकों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है, जबकि कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को आकार देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षक समाज के सम्मान एवं अधिकारों के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास जारी रखने की बात कही।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’ ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। गांव से लेकर शहर तक शिक्षा की अलख जगाने में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समारोह के दौरान प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों के भाषा विकास के उद्देश्य से एआरपी सिरौलीगौसपुर डॉ. वेद प्रकाश द्वारा रचित पुस्तक ‘नन्हें कदम’ का विमोचन मुख्य अतिथि सतीश चंद्र शर्मा एवं विधान परिषद सदस्य इंजी. अवनीश कुमार सिंह ने किया। वक्ताओं ने पुस्तक को प्रारंभिक स्तर पर बच्चों के भाषा विकास और सीखने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक के रूप में बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। वहीं कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों ने कहा कि सम्मान से उनका उत्साह और जिम्मेदारी दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक उपस्थित रहे। मंच संचालन सुभाष तिवारी एवं प्रदीप श्रीवास्तव ने किया। समारोह में विभिन्न शैक्षिक संगठनों के प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं बेसिक शिक्षा परिवार से जुड़े लोग शामिल हुए। इस अवसर पर अरुणेंद्र वर्मा ‘मुन्ना’, डॉ. देवेंद्र कुमार द्विवेदी, डॉ. आशुतोष कुमार, धर्मेंद्र वर्मा, राकेश सिंह, संतोष वर्मा, देवी प्रसाद तिवारी, देवेंद्र सिंह, दिग्विजय पाण्डेय, अतुल दिवाकर, विकास वर्मा, अभिषेक सिंह, आनंद पांडेय, अमित वर्मा, प्रीति सेंगर, पवन वर्मा, दिवाकर अवस्थी, रमाकांत, पूर्णेश प्रताप सिंह, ओम प्रकाश, विनोद वर्मा, अनिल शर्मा, दिलीप तिवारी, अम्बरीष यादव, सुजीत सिंह, आराधना वर्मा, नीरज श्रीवास्तव, ललित वर्मा, पंकज वर्मा, आशीष सिंह, जय कुमार, उमानाथ मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव एवं अमित मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।