चिलकाना। क्षेत्र के गांव दुमझेड़ी में तालाब के पानी की निकासी बंद होने से बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई। तालाब का पानी घरों और सड़क पर भर जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस रास्ते से वर्षों से तालाब के पानी की निकासी होती थी, उसे कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। इसके कारण तालाब का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा और बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में जलभराव हो गया है। ग्रामीण मोहम्मद हकीक ने बताया कि यह बरसात की पहली ही तेज बारिश थी, लेकिन निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण पानी घरों तक पहुंच गया।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/उन्होंने बताया कि चिलकाना से शाहजहांपुर मार्ग को जोड़ने वाले इस संपर्क मार्ग पर भी पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द तालाब के पानी की निकासी कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं कराई गई तो लोगों के घरों और संपत्ति को नुकसान होने के साथ-साथ आमजन को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। तासीन अहमद, मुरसलीन, रियाज, कमालुद्दीन, अनवरी, मोहम्मद हकीक, आस मोहम्मद, रहीस, नसीम, सलीम, समीम, शलीम, नईम, रहमान और साजिद सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।