12 ठिकानों पर छापेमारी, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद, 200 किलो लहन नष्ट

Share

बाराबंकी। जिले में अवैध शराब के काले कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। रामनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में एक साथ 12 स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार करीब 200 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान दो मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के निर्देशन तथा आबकारी निरीक्षक उमाशंकर चौधरी के नेतृत्व में टीम ने रविवार को रामनगर क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। आबकारी विभाग की टीम ने थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर, खुर्दा और मल्लाहनपुरवा सहित कुल 12 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब बनाने में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए।read more:https://pahaltoday.com/barabanki-festival-will-be-inaugurated-from-april-10/ हालांकि टीम ने मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और कच्ची शराब बरामद कर ली। छापेमारी के दौरान टीम ने 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए तैयार रखा गया करीब 200 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी निरीक्षक उमाशंकर चौधरी ने बताया कि यदि लहन को समय रहते नष्ट नहीं किया जाता तो उससे बड़ी मात्रा में अवैध एवं संभावित रूप से जहरीली शराब तैयार की जा सकती थी, जिससे जनहानि की आशंका बनी रहती। आबकारी विभाग ने कार्रवाई के दौरान दो मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अवैध एवं मिलावटी शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया। विभाग ने अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें। विभाग ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *