कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-आईएमए की समन्वय बैठक, श्रद्धालुओं के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था होगी उपलब्ध

Share

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भवन में पुलिस प्रशासन और आईएमए सहारनपुर के पदाधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक जनकपुरी सहित पुलिस अधिकारी और आईएमए के पदाधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आईएमए सहारनपुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए चिकित्सकों की विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा शहर के चिन्हित अस्पतालों में आपातकालीन परिस्थितियों के लिए आवश्यक संख्या में बेड आरक्षित किए गए हैं। गंभीर मरीजों को बिना विलंब उपचार मिल सके, इसके लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/बैठक में पुलिस और आईएमए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और चिकित्सा विभाग संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करेंगे। पुलिस प्रशासन ने आईएमए द्वारा किए जा रहे जनसेवी सहयोग की सराहना करते हुए सभी चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और शिवभक्तों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *