आजमगढ़।आजमगढ़ पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी अभिलेखों में हेरफेर करने के मामले का खुलासा करते हुए नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र बनाने और उसे राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेजों में लाभ लेने के उद्देश्य से उपलब्ध कराने का आरोप है।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस ने रोडवेज तिराहा मुबारकपुर से खुर्शीद पुत्र जफर अहमद (37 वर्ष), निवासी पूरारानी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को नगर पालिका परिषद के जन्म-मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच में पता चला कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका द्वारा निर्गत नहीं किया गया था, बल्कि कर्मचारी और अधिशासी अधिकारी के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाकर तैयार किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि विदेश में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अपने भतीजे के माध्यम से आरोपी खुर्शीद से संपर्क कराया था। आरोपी ने आवश्यक दस्तावेज और धनराशि लेकर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर दिया, जिसका उपयोग राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के लिए किया जाना था।पूछताछ में आरोपी ने पैसे के लालच में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा (चौकी प्रभारी कस्बा), कांस्टेबल हरेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल कुलदीप सरोज शामिल रहे।