सड़कों पर बह रहे नालियों के पानी की निकासी को लेकर नई बस्ती के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन 

Share
सड़कों पर बह रहे नालियों के पानी की निकासी को लेकर नई बस्ती के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
सोनभद्र। शनिवार को राबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 नई बस्ती में स्थानीय लोगों के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) के साथ स्थानीय लोगों ने नालियों के जाम एवं बदबूदार पानी सड़क पर बहने को लेकर प्रदर्शन किया। कहा कि, जल्द से जल्द पानी क्रॉसिंग की व्यवस्था की जाए ताकि स्थानीय लोगों को इससे निजात मिल सके। आशु दुबे ने कहा कि, पहले भी कई बार नालियों की सफाई को लेकर नगर पालिका को चेताया गया है और हम लोग लगातार सड़कों नालियों को लेकर बात भी कर रहे हैं, लेकिन मानो तो यहां के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय प्रशासन पर इसका कोई प्रभाव ही नहीं पड़ रहा है। नई बस्ती की हालत इतनी ज्यादा खराब है कि, बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है जहां महिलाएं, बच्चे, बूढ़े एवं आमजनमानस प्रतिदिन इसी बदबूदार रास्ते से निकल कर अपने कामों पर जा रहे हैं। बच्चे पढ़ने स्कूल जा रहे हैं। उन्हें इसी गंदे नाली के पानी में चलकर आना-जाना पड़ रहा है। जहां बारिश के मौसम में हम भली-भांति जानते हैं कि- डेंगू ,मलेरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियां ज्यादा होती है जो जल – जमाव एवं प्रदूषित पानी से बढ़ती हैं। ऐसे पानी बहने से बीमारियों का घर और ज्यादा बढ़ेगा। आखिर इन सबका जिम्मेदार कौन है? क्या कारण है कि, इतनी बात कहने पर, लगातार बोलने पर भी स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। आशु दुबे ने कहा कि, जहां गड्ढा मुक्त और साफ सफाई पर सरकार का इतना ध्यान है वही इन लोगों द्वारा क्या किया जा रहा है ये किसी से छिपा नहीं है। वही स्थानीय निवासी रवि शंकर मौर्य ने कहा कि, गंदगी का आलम यह है कि- इसकी बदबू से रहना मुश्किल हो रहा है और इसी में चलकर हम लोग रोज घर में आते जाते हैं। इसके बारे में बताया भी गया है लेकिन लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं हो रहा है। स्थानीय निवासी हाजरा बेगम ने कहा कि- लंबे समय से नाली बनाने को लेकर बात कही जा रही है कितने साल में नालियां बनाएंगे बात समझ में नही आती। कम से कम नाली की सफाई सही तरीके कर देते तो इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़ता। स्थानीय निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि, यहां पर गंदगी इतनी ज्यादा हो रही है कि सभी लोग परेशान हैं और बीमारी का घर हो रखा है। लंबे समय से हम लोग इस परेशानियों को झेल रहे हैं। बार-बार कहा भी जा रहा है लेकिन कोई कार्यवाही इस पर नहीं हो रही है। कांग्रेस नेता मनोज मिश्रा ने कहा कि, जिले में एक ही नगर पालिका सोनभद्र है जो मुख्यालय पर है। जब वहां की स्थिति इस प्रकार की है तो बाकी नगरों के बारे में हम भली-भांति समझ सकते हैं कि क्या व्यवस्थाएं चल रही होगी। कांग्रेस नेता श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि, तमाम वायदे इस सरकार द्वारा चुनाव के पहले किये जाते हैं लेकिन चुनाव बीत जाने के बाद उन वायदों पर ध्यान नहीं दिया जाता जिससे आम जनमानस परेशान होती है। इस अवसर पर मुख्य रूप से भागवंती देवी, गीता देवी, युवा कांग्रेस विधानसभा घोरावल अध्यक्ष अनिल चौबे, जितेंद्र सोनी, अशोक मोदनवाल, विनोद सोनी, श्याम गुप्ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *