सहारनपुर। ईदुल अजहा पर्व को लेकर नगर निगम सहारनपुर ने समय रहते व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, वेस्ट मैनेजमेंट और पेयजल आपूर्ति को लेकर बनाई गई विस्तृत योजना पर पार्षदों ने संतोष जताते हुए मेयर, नगर आयुक्त और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है।read more:https://pahaltoday.com/90-of-villages-have-connections-yet-water-is-supplied-through-tankers/
पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने कहा कि नगर निगम ने ईदुल अजहा से करीब 10 दिन पहले ही नगर और निगम क्षेत्र के 32 गांवों में सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत प्लान तैयार कर लिया है। इसके तहत कूड़ा उठान स्थलों की सूची, वेस्ट उठान गाड़ियों के नंबर, ड्राइवरों के मोबाइल नंबर, प्रत्येक थाना स्तर पर निगम की गाड़ियों की तैनाती और क्यूआर टीमों का गठन किया गया है। पार्षदों ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कुर्बानी के बाद नालियों में खून दिखाई न दे, इसके लिए हरे रंग के चूने के प्रयोग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा नाला-नालियों की विशेष सफाई अभियान चलाने और जिन ट्यूबवेलों पर जनरेटर उपलब्ध नहीं हैं वहां पहले से जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है ताकि पानी की आपूर्ति प्रभावित न हो। पार्षद दल ने इस सुव्यवस्थित कार्ययोजना और समय रहते तैयारियों के लिए मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि, हेल्थ ऑफिसर डॉ. परवीन शाह, मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद, जेडएसओ राजीव चौधरी और गैराज विभाग का धन्यवाद किया। इस दौरान पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, इज़हार मंसूरी, महमूद हसन, रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, गुलज़ेब खान, जफर अंसारी, मेनपाल, डॉ. मंसूर और एडवोकेट जावेद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय से की गई तैयारियों से ईदुल अजहा पर्व शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न होगा।