स्योहारा (बिजनौर)। नगर पालिका परिषद स्योहारा द्वारा नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) की बढ़ती आबादी और उनके आतंक से निजात दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पालिका प्रशासन द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धति से उनकी नसबंदी (एबीसी – एनिमल बर्थ कंट्रोल) और एंटी-रेबीज टीकाकरण का कार्य पूरी तत्परता से कराया जा रहा है।
तय मानकों के अनुसार चल रहा अभियान
नगर पालिका परिषद स्योहारा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) बिजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि नगर के विभिन्न वार्डों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों से आवारा श्वानों को पकड़ने के लिए विशेष टीम सक्रिय है। शासन और सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइंस का पालन करते हुए पकड़े गए कुत्तों की सुरक्षित तरीके से नसबंदी कराई जा रही है तथा उन्हें रेबीज रोधी टीके लगाए जा रहे हैं।
नगरवासियों को मिलेगा सुरक्षित माहौल
अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार श्वानों को पुनः उन्हीं क्षेत्रों में छोड़ा जाता है। इस प्रक्रिया से एक ओर जहां नगर में श्वानों की अनियंत्रित संख्या पर प्रभावी रोक लगेगी, वहीं दूसरी ओर रेबीज जैसी घातक बीमारी का खतरा भी समाप्त होगा।
हाल के दिनों में स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए आवारा कुत्तों का झुंड परेशानी का सबब बना हुआ था। पालिका द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। ईओ बिजेंद्र पाल सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि अभियान के दौरान पालिका की टीम का सहयोग करें।