रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजार गुलजार, मिलावटी मिठाइयों की आशंका ने बढ़ाई चिंता

Share

म्योरपुर (सोनभद्र)। रक्षाबंधन पर्व को लेकर म्योरपुर विकासखंड क्षेत्र के बाजारों में गुरुवार को खूब रौनक रही। लीलासी चैराहा, देवरी, किरबिल और म्योरपुर कस्बे में सुबह से ही राखी व मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग राखी, मिठाई और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी करने बाजार पहुंचे।लीलासी चैराहा आसपास के कुदरी, जामपानी, नौडीहा, चांगा समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए प्रमुख बाजार माना जाता है। सुबह से ही यहां ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ गई। दुकानों पर रंग-बिरंगी और डिजाइनर राखियों के साथ विभिन्न प्रकार की मिठाइयां सजी नजर आईं। खरीदारी कर रहे अरविंद, प्रशांत, सुनील, रामदेव, कमलेश, मनीष, राजकुमार, हीरालाल और अभिषेक समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस बार रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह है। कई बहनें भाइयों को राखी बांधने के लिए पहले ही अपने मायके अथवा भाइयों के घर रवाना हो गई हैं।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/व्यापारियों के मुताबिक इस बार राखियों और मिठाइयों की बिक्री में तेजी आई है। खासकर डिजाइनर राखियों की मांग अधिक रही। बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ और दुकानों पर सजी राखियों ने पर्व का उत्साह बढ़ा दिया। पर्व की रौनक के बीच बाजार में बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर अस्थायी मिठाई की दुकानें खुल गई हैं, जहां खुले में मिठाइयां रखकर बिक्री की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच कराने की मांग की है। कुछ स्थानीय सूत्रों ने बाजार में सिंथेटिक अथवा मिलावटी मिठाइयों की बिक्री की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दुकानों पर मिठाइयों के नमूने लेकर जांच की जाए, ताकि मिलावट की स्थिति सामने आ सके और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई की दुकानों की नियमित जांच कर संदिग्ध मिठाइयों के नमूने लिए जाएं और मिलावट पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *