ओबरा, सोनभद्र। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चोपन क्षेत्र स्थित की इंडियन बैंक सलखन शाखा पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़े ऋण प्रकरणों में अनियमितता और लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।read more:https://pahaltoday.com/listening-to-the-bhagwat-katha-destroys-sins-acharya-abhishek-ji/स्थानीय लाभार्थियों का आरोप है कि कई आवेदन महीनों से लंबित पड़े हैं। कुछ मामलों में पोर्टल पर लोन स्वीकृत दिखाया जा रहा है, लेकिन संबंधित खातों में अब तक धनराशि नहीं पहुंची है। वहीं कई आवेदनों को बिना स्पष्ट कारण बताए निरस्त किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि जब सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, तब पात्र लाभार्थियों को बार-बार बैंक और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आरोप है कि वर्तमान शाखा प्रबंधक के कार्यकाल में योजनाओं के संचालन में अपेक्षित पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं दिखाई दे रही है, जिससे आम जनता परेशान है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं सीएससी संचालक राकेश केशरी ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शाखा प्रबंधक के कार्यकाल में प्राप्त कुल आवेदन, स्वीकृत ऋण, लंबित प्रकरण, निरस्त आवेदन तथा पोर्टल पर स्वीकृत लेकिन भुगतान लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। राकेश केशरी ने कहा कि सरकार की योजनाएं जनता का अधिकार हैं, किसी की कृपा नहीं। यदि पात्र लाभार्थियों को महीनों तक भटकना पड़े और स्वीकृति मिलने के बाद भी भुगतान न हो, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और लाभार्थियों को तत्काल राहत दी जाए।