15 लाख के जेवर और नकदी पर हाथ साफ, 11 माह 26 दिन बाद भी नहीं खुली सनसनीखेज चोरी, पुलिस पर उठे सवाल

Share
आजमगढ़।तहबरपुर थाना क्षेत्र के मधसिया गांव के डंडवा पर पुरवा में हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा घटना के 11 माह 26 दिन बाद भी नहीं हो सका है। करीब 15 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने के बावजूद पुलिस अब तक एक भी आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। इससे पीड़ित परिवार के साथ साथ ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।पीड़ित बृजराज चौहान के अनुसार, 6 जुलाई 2025 की रात तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच अज्ञात चोर उनके घर में सीढ़ी के रास्ते घुस आए। आरोप है कि चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से उन कमरों को बाहर से बंद कर दिया, जिनमें परिवार के सदस्य सो रहे थे। बाहर कुत्ते लगातार भौंकते रहे, लेकिन तेज बारिश और रात के सन्नाटे के कारण किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।चोरों ने घर के सभी कमरों को इत्मीनान से खंगाला और करीब 30 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण समेट लिए। चोरी के बाद वे घर से अटैचियां, बक्से और पेटियां करीब 500 मीटर दूर दयाराम यादव के ट्यूबवेल तक ले गए। वहां ट्यूबवेल का दरवाजा तोड़कर सामान की छंटनी की गई और कीमती सामान निकालने के बाद बाकी सामान वहीं बिखेरकर फरार हो गए।read more:https://pahaltoday.com/delay-in-justice-leads-to-failure-of-justice-prof-vijay-tiwaसुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इसी दौरान दयाराम यादव जब अपने ट्यूबवेल पहुंचे तो दरवाजा टूटा मिला। अंदर बिखरे बक्से, अटैचियां, कपड़े, दस्तावेज, कंबल और अन्य सामान देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, जांच पड़ताल की और साक्ष्य जुटाने की औपचारिकता पूरी कर लौट गई। इसके बाद मामले की जांच ठंडी पड़ गई। परिवार का कहना है कि पिछले लगभग एक वर्ष से वे लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस केवल आश्वासन देती रही और आज तक न चोरी का खुलासा हुआ, न चोरी गया सामान बरामद हुआ और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई।ग्रामीणों का कहना है कि तहबरपुर थाना क्षेत्र में बीते महीनों में कई चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिनमें अधिकांश मामलों का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में किसी नई गिरफ्तारी या महत्वपूर्ण प्रगति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *