बरेली। अमेरिका की प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता में भारतीय शोधकर्ताओं ने देश का गौरव बढ़ाया है। छह नवंबर को आयोजित ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में दुनिया भर से चुनी गईं 13 टीमों के बीच भारतीय टीम को पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से सम्मानित किया गया। टीम ने दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए विकसित स्मार्ट चश्मे का प्रदर्शन किया। इसकी उपयोगिता और प्रस्तुति को दर्शकों का विशेष समर्थन मिला।इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल, न्यूयॉर्क स्थित कैडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के कंप्यूटर साइंस विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद साकिब शामिल रहे। टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में यह सम्मान मिला।
दृष्टिबाधितों के लिए मददगार बनेगा स्मार्ट चश्मा
भारतीय टीम ने विजनप्रो नाम से एक विशेष स्मार्ट चश्मा विकसित किया है। यह चश्मा दृष्टिबाधित लोगों को अपने आसपास की दुनिया को समझने में मदद करता है। इसमें लगे कैमरे की सहायता से सामने मौजूद वस्तुओं की पहचान की जा सकती है। यह किताबों, दस्तावेजों और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से सुना सकता है।इसकी खासियत यह है कि उपयोगकर्ता को आसपास की वस्तुओं और परिस्थितियों की जानकारी मिल सकती है। चश्मे में कंपन के माध्यम से संकेत देने की सुविधा भी दी गई है। इससे उपयोगकर्ता बिना स्क्रीन देखे जरूरी संकेत महसूस कर सकता है। इस तकनीक का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों को दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है।
तकनीक के जरिये सामाजिक समस्या का समाधान
विजनप्रो परियोजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक को उन लोगों तक पहुंचाना है, जिन्हें रोजमर्रा के जीवन में विशेष चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। स्मार्ट चश्मे के माध्यम से टीम ने यह दिखाने का प्रयास किया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक सेंसर तकनीक का उपयोग दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में किया जा सकता है।स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में मिली इस उपलब्धि से भारतीय शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। साथ ही बरेली और देहरादून के शिक्षाविदों के लिए भी यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मीडिया सेल
रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली