कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां घर में घुसकर एक ग्रामीण की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पूरी घटना पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित दंपति और उनके पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित सुनील कुमार के अनुसार, घटना 10 अप्रैल की रात लगभग 9:40 बजे की है। वह अपने घर में भोजन कर रहे थे, तभी गांव के अनुरुद्ध दुबे उर्फ वोवी, उनकी पत्नी अंजना दुबे और पुत्र लव दुबे लाठी-डंडे व पत्थर लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके। आरोप है कि पहले उन्होंने गाली-गलौज की और फिर घर पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी जबरन दरवाजा खोलकर घर के अंदर घुस आए और सुनील कुमार को घसीटते हुए बाहर सड़क पर ले गए, जहां उनकी जमकर पिटाई की गई।read more:https://khabarentertainment.in/akanshu-govil-takes-over-as-deputy-chief-traffic-manager-and-station-director-kanpur/ पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें पहले भी दो बार दिल का दौरा पड़ चुका है और वह उपचाराधीन हैं। इस हमले के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके चलते परिजन उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराना पड़ा। घटना का पूरा घटनाक्रम पड़ोसी सुधीर कुमार के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला हाथ में डंडा लिए हुए है और अन्य आरोपी मिलकर पीड़ित पर हमला कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच के साथ ही कार्रवाही का आश्वासन दिया है ।