भदोही। एसपी अभिनव त्यागी के निर्देशन में अपराधियों एवं उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना ज्ञानपुर पुलिस ने न्यायालय को गुमराह कर फर्जी एवं कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर गंभीर अपराधों के अभियुक्तों की जमानत कराने वाले एक पेशेवर जमानतदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय हमराह पुलिस बल के साथ न्यायालय द्वारा स्वीकृत एक जमानत के सत्यापन के लिए शुक्रवार को ग्राम केशवपुर एवं ग्राम लखनो पहुंचे थे। स्थानीय स्तर पर छानबीन एवं आम जनता से पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया कि लालजी पुत्र सरजू निवासी केशवपुर, थाना ज्ञानपुर एक पेशेवर जमानतदार है। जांच में पाया गया कि यह व्यक्ति आर्थिक लाभ के उद्देश्य से एक ही संपत्ति को बार-बार बंधक के रूप में प्रस्तुत करता था। इसके लिए वह फर्जी शपथ पत्र, फर्जी खतौनी एवं अन्य कूट रचित मूल्यवान दस्तावेज तैयार करता था। इन फर्जी दस्तावेजों को न्यायालय में प्रस्तुत कर वह गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों की जमानत कराता था, जिसके बाद अभियुक्त फरार हो जाते थे।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ पुलिस को विवेचना में ज्ञात हुआ कि जमानतदार लालजी ने शातिर अभियुक्त मनोज कुमार उर्फ राहुल सैनी पुत्र रण सिंह, निवासी आवादाग, थाना भवन, जनपद शामली, जो वर्तमान में जिला कारागार ज्ञानपुर में निरुद्ध है। उसके साथ मिलकर संगठित रूप से कार्य किया। लालजी ने दुर्दांत अपराधियों को जेल से बाहर निकालने हेतु छल-कपट एवं साजिश के तहत कूट रचित सरकारी कागजात तैयार किए। थानों के अभिलेखों से ज्ञात हुआ कि आरोपी लालजी पूर्व में भी गैंगेस्टर एक्ट, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट, हत्या का प्रयास, आबकारी अधिनियम एवं एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मुकदमों के अभियुक्तों की फर्जी तरीके से जमानत ले चुका है। इस गंभीर धोखाधड़ी एवं संगठित अपराध के संबंध में आरोपी लालजी एवं अभियुक्त मनोज कुमार उर्फ राहुल सैनी के विरुद्ध थाना ज्ञानपुर पर धारा 316(2), 227, 323 व 338 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज की गई। आज समय लगभग 11:30 बजे आरटीओ ऑफिस के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मुख्यालय की तरफ आते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ पर उसकी पहचान लालजी पुत्र सरजू निवासी केशवपुर के रूप में हुई। वांछित अभियुक्त होने के कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया