आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया में नाली में पानी बहाने के विवाद को लेकर हुई 30 वर्षीय हरिओम पाण्डेय की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद दो पुरुषों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।4 सितंबर को मृतक के पिता वीरेंद्र पाण्डेय ने तहरीर दी थी कि नाली के विवाद को लेकर यदुवंश मणि त्रिपाठी, रामलाल शर्मा व एक महिला ने घर के दरवाजे पर हरिओम से मारपीट कर गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। विरोध करने पर परिजनों को धमकी देकर आरोपी फरार हो गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन व एएसपी ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मनीष पाल की टीम ने 6 सितंबर को रात करीब 2:52 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नसोपुर अंडरपास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यदुवंश मणि त्रिपाठी पर पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है। तीनों आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है।