गागलहेड़ी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच हिंडन नदी के उफान ने गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव सोना सैय्यद माजरा में गंभीर स्थिति पैदा कर दी। नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी गांव के कब्रिस्तान में घुस गया, जिससे कई पुरानी और नई कब्रें धंस गईं। मिट्टी कटने और तेज बहाव के कारण कुछ कब्रों से शव बाहर आने की सूचना मिलने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कब्रिस्तान में तेजी से पानी भरने से जमीन धंसने लगी और कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पानी का बहाव कम होने के बाद ग्रामीणों ने बारिश के बीच ही बाहर आए शवों को धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोबारा दफनाया। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण कब्रिस्तान पूरी तरह जलमग्न हो गया है।read more:https://khabarentertainment.in/meritorious-students-honored-at-klgm-inter-college-incentive-amount-of-%e2%82%b961000-distributed/उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा कब्रिस्तान को सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण और मृतकों के परिजन कब्रिस्तान पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद मार्मिक था। धंसी हुई कब्रें और चारों ओर फैला पानी देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक राहत एवं सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो और धार्मिक स्थल सुरक्षित रह सकें।