गाजीपुर। जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा अपने इक्कीसवें दिन हंसराजपुर से आगे बढ़ते हुए पहेतियाँ चट्टी, जंगीपुर और अंधऊ में नुक्कड़ सभाएँ करती हुई ग़ाज़ीपुर शहर पहुँची। यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद किया गया और शिक्षा, रोजगार तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने गए।यात्रा के दौरान युवाओं के बीच प्रदेश में बढ़ती बेरोज़गारी, सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर व्यापक चर्चा हुई। जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं की आवाज़ को संगठित करते हुए शिक्षा और रोजगार के सवालों को प्रदेश की राजनीति के केंद्र में लाना है।
*12 सितंबर को बनारस में होगी बड़ी जनसभा*
जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा आगामी 12 सितंबर को बनारस पहुँचेगी। इस अवसर पर बीएचयू गेट पर शाम 4 बजे जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा में विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों की बदहाल स्थिति, शिक्षा के क्षेत्र में आरएसएस द्वारा किए जा रहे भगवाकरण तथा प्रदेश के सभी सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों को तत्काल भरने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा ने प्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में 12 सितंबर को शाम 4 बजे बीएचयू गेट पहुँचें और शिक्षा एवं रोजगार के सवाल पर इस संघर्ष को मजबूत करें। यात्रा का आह्वान है कि युवाओं की शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े सवालों पर अब चुप रहने के बजाय संगठित होकर आवाज़ उठाई जाए।