लखनऊ अग्निकांड के बाद गाजीपुर में प्रशासन का बड़ा एक्शन, जंगीपुर समेत 22 कोचिंग व लाइब्रेरी 15 दिन के लिए सील

Share
गाजीपुर। लखनऊ के अलीगंज में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर गाजीपुर जिला प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने जिले के 22 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को 15 दिनों के लिए सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य अग्निशमन अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।
प्रशासन की कार्रवाई के तहत जंगीपुर के 6, गाजीपुर सदर के 5, करंडा के 4, मुहम्मदाबाद के 2, जखनिया के 2, सैदपुर के 2 तथा जमानियां के 1 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार इन संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया था।read more:https://pahaltoday.com/city-international-school-inaugurated-in-devan/जांच में सामने आया कि कई कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित हो रहे थे, जहां अग्निशमन वाहनों के पहुंचने का समुचित मार्ग नहीं था। कई स्थानों पर अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं मिले, जबकि आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी नदारद थे। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में विद्यार्थियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और संस्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *