बहराइच (नानपारा)। जनपद में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन ने सोमवार को जोरदार आवाज उठाई। जिलाध्यक्ष पतीराम चौधरी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी नानपारा के प्रतिनिधि नायब तहसीलदार अक्षय कुमार पाण्डेय को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। ज्ञापन में किसानों ने उर्वरक की किल्लत को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि जनपद में खाद की कमी से किसान बेहद परेशान हैं। प्रशासन से मांग की गई कि तत्काल ठोस कदम उठाकर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित न हो। इसके साथ ही आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर भी चिंता जताई गई। किसानों ने गौशालाओं के सुचारू संचालन और निराश्रित पशुओं को सुरक्षित रूप से वहां पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही तहसील क्षेत्र के सूखे पड़े जलाशयों को पानी से भरवाने की मांग की गई, जिससे पशुओं और किसानों दोनों को राहत मिल सके। बिजली समस्या को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे और शहरी क्षेत्रों में 22 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बार-बार आने वाले फाल्ट की समस्या का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।read more:https://pahaltoday.com/innova-car-rams-into-trailer-4-pilgrims-going-to-kainchi-dham-killed-3-seriously-injured/ज्ञापन में श्रावस्ती ग्रामीण चीनी मिल नानपारा द्वारा वर्षों से लंबित गन्ना भुगतान को जल्द दिलाने की भी मांग उठाई गई। इसके अलावा गेहूं, मक्का, तिलहन समेत अन्य फसलों की खरीद के लिए संचालित क्रय केंद्रों पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए उन्हें व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने की मांग की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष मजदूर मोर्चा शिवचरण यादव, तहसील अध्यक्ष विजय कुमार रावत, जिला महासचिव लल्लन प्रसाद फौजी, जिला उपाध्यक्ष छेदी राम आर्य, चेतराम, मनोज कुमार, प्रेम सागर, मनीराम यादव, महिला तहसील अध्यक्ष शांति देवी, रामसागर मिश्रा, राम समुझ जायसवाल, गोपेंद्र कुमार पांडेय, अनवर अली, मुनीर बाबा, रामदयाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।