गाजियाबाद। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए तथा उनके निस्तारण की अपेक्षा की।जनसुनवाई में विशेष रूप से भूमि एवं सम्पत्ति पर अवैध कब्जा, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने मीडिया बन्धुओं से हुई एक बातचीत के दौरान कहा कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बर्दाश्त नहीं की जायेगी, यदि ऐसा कहीं पाया जाता है तो सम्बंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। मै मीडिया के माध्यम से सभी जनपदवासियों से भी अपील करूंगा की यदि राजस्व सहित अन्य किसी भी मामले में आपको कोई परेशानी हो तो सम्बंधित उच्च अधिकारी से सम्पर्क करें और यदि शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ना हो तो एक बार जनसुनवाई में आकर मुझसे अवश्य मिले।
जिलाधिकारी महोदय की कार्यशैली से जनसुनवाई में सैकड़ों की संख्या में लोग आने लगे हैं और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण भी हुए हैं।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ जनसुनवाई के दौरान श्रीमती रीना पत्नी श्री रवि ने अपने मकान पर कब्जा मिलने की खुशी में जिलाधिकारी महोदय का आभार प्रकट किया और कार्यालय में उपस्थित सभी लोगों को मिठाई काजू कतली खिलाई। इसी के साथ श्री जयपाल ने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी महोदय निवेदन किया था कि मै एक सिक्योरिटी गार्ड हूं, मैने 4 माह पहले एक कम्पनी में काम किया था लेकिन अब वे लोग मेरी सैलरी नहीं दे रहें हैं कृपया मेरी सैलरी दिलवा दीजिए। जिलाधिकारी के आदेश पर मात्र कुछ ही दिनों में मेरी पूरी सैलरी मुझे प्राप्त हो गई मै जिलाधिकारी महोदय को धन्यवाद प्रेषित करता हूं। शिकायतों के समाधान के उपरान्त सभी लाभार्थियों ने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी को कोई समस्या हो तो एक बार डीएम साहब से जरूर मिलें।जनसुनवाई के दौरान श्री धर्मवीर निवासी मोदीनगर ने जिलाधिकारी से अपनी समस्या को लेकर एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कहा कि महोदय जब से आप आऐं हैं तब से आपके द्वारा बारम्बार मेरी सहायता की जा रही है, महोदय कुछ परेशानियां और भी हैं उनका भी निस्तारण करने की कृपा करें। जिलाधिकारी ने जब उनसे पूछा की आपके घर में और कौन है, जिस पर वृद्ध ने बताया कि चार पुत्रियों में से तीन की शादी हो गयी और एक पुत्र बालिक है और अभी अध्ययनरत हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आप अपनी पुत्री का विवाह सरकार द्वारा संचालित योजना के तहत करवा सकते हैं और आप अपने पुत्र को लाना, हम उससे बात करके उसकी नौकरी भी लगवा देंगें, जिससे आपकी काफी परेशानियां कम हो जायेंगी। नौकरी की बात सुनते ही वृद्ध की आंखों में पानी आ गया और उसने जिलाधिकारी महोदय का बारम्बार धन्यवाद किया।इसी के साथ जनसुनवाई के अनेक प्रकरण आए और जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी प्रकरणों को ध्यानपूर्वक सुना गया और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश देते हुए फीड़बैक लेने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई के दौरान एडीएम ई ज्योति मौर्या, सिटी मजिस्ट्रेट श्री सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।