103 ग्राम पंचायतों में स्थापित होंगी डिजिटल लाइब्रेरी

Share

सोनभद्र। ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए जिले की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। शासन की इस पहल से गांवों में ही विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सामग्री और इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है। यहां ई-बुक्स, डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो, ऑनलाइन पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस सुविधा से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को इसका विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। डिजिटल संसाधनों के जरिए विद्यार्थी नई तकनीक से जुड़ने के साथ अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकेंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर शांत और सुविधाजनक अध्ययन वातावरण तैयार करने की भी योजना है, जहां विद्यार्थी इंटरनेट आधारित शैक्षणिक सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सामान्य ज्ञान, डिजिटल पुस्तकें और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से तैयारी में मदद मिलेगी। 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को गांव-गांव तक शिक्षा, तकनीक और ज्ञान की पहुंच मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *