15 अगस्त तक शुरू होंगे विकास कार्य, सांसद-विधायकों से प्राथमिकता सूची मांगी

Share

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में सहारनपुर मंडल के लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में उन्होंने सांसदों एवं विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं को समय पर स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों को प्रस्तावित योजनाओं में किसी प्रकार का संशोधन अथवा सुझाव देना हो तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों को 15 जुलाई 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जाए तथा 15 अगस्त 2026 तक विकास कार्यों का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं की घोषणा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित निगरानी भी आवश्यक है। सभी परियोजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सकें। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सहारनपुर मंडल में 3,282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1,188 विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें छह स्टेट हाईवे, 68 मुख्य एवं अन्य जिला मार्ग, एक बाईपास, पांच धर्मार्थ परियोजनाएं, एक लॉजिस्टिक एवं औद्योगिक परियोजना, पांच आईएससी सड़कें, 504 चीनी मिल संपर्क मार्ग, 155 नए सड़क निर्माण कार्य, दो सीआरआईएफ सड़कें, चार सड़क सुरक्षा परियोजनाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 बड़े एवं लघु पुल, शहरी क्षेत्रों में दो पुल, छह रेलवे ओवरब्रिज तथा 369 सड़कों के मरम्मत कार्य शामिल हैं।read more:https://pahaltoday.com/if-you-go-to-visit-karnataka-then-definitely-taste-the-food-here-without-it-the-trip-is-incomplete/ मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और आधारभूत ढांचा किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास की रीढ़ होता है। इसलिए जिन परियोजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सांसद चंदन चैहान, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चैधरी, देवेंद्र निम, कीरत सिंह, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा एवं वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न कुमार, मदन भैया, राजपाल सिंह बालियान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चैहान, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *