जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद परिसर में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी हित में इस्तेमाल किए जाने के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान धरनारत सभासद सचिन वर्मा और राहुल वर्मा का जन्मदिन धरनास्थल पर ही केक काटकर मनाया गया। साथी सभासदों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने की बात कही।धरने पर बैठे सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पर मनमाने रवैये और वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गृहकर वसूली के मामले में बोर्ड के निर्णयों और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/इसके साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से नगर पालिका का नियमित कार्य कराने के बजाय निजी हितों के लिए काम लिए जाने का भी आरोप लगाया गया।सभासदों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने अपने ऊपर हरिजन एक्ट के तहत कथित रूप से जबरन मुकदमा दर्ज कराए जाने और सत्ता का दुरुपयोग किए जाने का भी आरोप लगाया। इन मुद्दों को लेकर सभासद नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर डटे हुए हैं।धरनारत सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो वे सामूहिक रूप से इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और संबंधित शासन की होगी।धरने में प्रमोद यादव, राकेश प्रजापति, राजा बाबू, मोहन गुप्ता, राहुल वर्मा, अरशद, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, शमीम अंसारी, शिवबचन यादव, उमराव यादव और सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।