वेतन भुगतान को लेकर संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Share
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी फर्रुखाबाद के बैनर तले मंगलवार को कायमगंज विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर संविदा कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अप्रैल 2026 का लंबित वेतन व मानदेय तत्काल जारी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संविदा कर्मी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कठिन परिस्थितियों में लगातार कार्य करने के बावजूद समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/darkness-near-the-bus-stand-became-a-problem-passengers-raised-the-demand-for-lighting/संघ पदाधिकारियों ने बताया कि खंड कायमगंज के अंतर्गत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत कर्मचारियों से 24 घंटे तक ड्यूटी ली जा रही है, जबकि श्रम विभाग के नियमों के अनुसार आठ घंटे और 26 दिन के आधार पर ही भुगतान किया जाता है। कर्मचारियों ने अतिरिक्त कार्य के अनुरूप अतिरिक्त भुगतान किए जाने की मांग उठाई। धरने में कर्मचारियों की कमी और सुरक्षा उपकरणों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों का कहना था कि कार्यक्षेत्र लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं है। बिजली लाइनों पर कार्य के दौरान जान का खतरा बना रहता है, बावजूद इसके लाइनमैन और एसएसओ को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। संविदा कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अड़ानी इंटरप्राइजेज का टेंडर समाप्त होने के बाद भी भुगतान लंबित रखा गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर वेतन भुगतान नहीं कराया गया तो सभी संविदा कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। संघ अध्यक्ष रामकिशन ने कहा कि संविदा कर्मचारी दिन-रात विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने में जुटे रहते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *