रतजगा पर्व पर मिठाई की दुकानों पर सजी चोटहिया जलेबी

Share
भदोही। भादो माह के दूसरे दिन मनाए जाने वाले लोक पर्व रतजगा पर रविवार को बाजारों में चोटहिया जलेबी की धूम रही। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही जलेबियों की भरमार देखी गई और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। यह त्योहार जलेबी से इस कदर जुड़ा हुआ है कि लोग इसे जलेबी वाला त्योहार भी कहते हैं। मान्यता है कि रतजगा की परंपरा के अनुसार इस दिन विशेष रूप से गुड़ और चीनी से बनी जलेबी को भगवान को प्रसाद के रूप में भोग लगाया जाता है। पूजा-पाठ के बाद यही प्रसाद सभी में बांटा जाता है और इसे बेहद शुभ माना जाता है।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ इस पर्व पर नगर से लेकर गांव तक हर मिठाई की दुकान पर जलेबियां सजी हुई थीं। इस दौरान नगर के स्टेशन रोड, चौरी रोड, अजीमुल्ला चौराहा, अंबरनीम सहित अन्य बाजारों में मिठाई दुकानों पर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। लोगों ने अपने घरों में पूजा के लिए और मेहमानों के लिए जलेबी खरीदी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने घरों में पकवान बनाए और रात में जागरण किया। बताया जाता है कि रतजगा के अगले दिन कजरी का त्योहार मनाया जाता है। इस प्रकार ये दोनों पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, लोकगीतों और आपसी भाईचारे को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *