भदोही। जनपद भदोही के सुरियावां विकासखंड अंतर्गत महजूदा बाजार में क्रांतिकारी युवा समाजसेवी भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रविवार को कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दिवंगत भरत तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता संदीप कुमार पांडेय व अभिषेक पाण्डेय ने की तथा संचालन एवं अगुवाई समाजसेवी शशांक मिश्रा प्रीतज ने की। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर महजूदा बाजार क्षेत्र में कैंडल मार्च निकाला और भरत तिवारी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभा को संबोधित करते हुए अधिवक्ता संदीप कुमार पांडेय ने कहा कि भरत तिवारी एक जागरूक एवं संघर्षशील युवा थे, जिन्होंने समाज के विभिन्न मुद्दों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/ उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे। वहीं समाजसेवी शशांक मिश्रा प्रीतज ने कहा कि युवा वर्ग समाज में न्याय और अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति या समुदाय के साथ अन्याय होता है तो उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा और सत्य को सामने लाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल पार्टी जिला महासचिव सचिन दूबे, अभिषेक पांडेय, निखिल तिवारी, दिनेश यादव, शिवम श्रीवास्तव, दीपक सिंह, शुभम पांडेय, विजय पांडेय, मनीष पांडेय, विकास श्रीवास्तव, सोहनलाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।