बाराबंकी। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद तनुज पुनिया ने शहर व आसपास के मार्गों पर लगने वाले जाम और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से तिवारीगंज तक अक्सर दो से ढाई घंटे तक जाम में लोगों को फंसना पड़ता है। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि देवां-चिनहट मार्ग से किसान पथ तक करीब 830 मीटर बाईपास सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन शासन स्तर पर फाइल अटकी होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजे जाने की जानकारी है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से यातायात का दबाव कम होगा,read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि चिनहट-देवां मार्ग को किसान पथ से जोड़ने पर बाराबंकी-अयोध्या और सुल्तानपुर मार्ग की कनेक्टिविटी भी सुगम होगी। अक्टूबर में होने वाले दस दिवसीय देवा मेले के दौरान यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। वहीं सावन में लोधेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले हजारों कांवड़ियों के कारण भी इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है। सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के दावे तो कर रही है, लेकिन जरूरी परियोजनाएं कागजों में अटकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बाईपास निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस संगठन जनसमस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।