कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को जिला प्रशासन, केडीए, नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा एवं विधायक कल्पना देवी भी उपस्थित रहे। करीब चार घंटे तक चली मैराथन बैठक में स्पीकर बिरला ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। बिरला ने कहा कि सभी विकास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करवाए जाएं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को शहर में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा स्वच्छता अभियान में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बिरला ने सार्वजनिक भवनों, फ्लाईओवर एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर की गई आकर्षक चित्रकारी को खराब करने तथा अवैध होर्डिंग, पोस्टर-बैनर लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनसे जुर्माना वसूला जाए। अधिकारी इस संबंध में जिम्मेदारी तय करें और बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई सुनिश्चित करें।बिरला ने राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के नेता या जनप्रतिनिधि का जन्मदिन हो अथवा कोई पर्व-त्योहार, सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर-बैनर लगाने से परहेज करें। कार्यकर्ता सकारात्मक सोच के साथ अपने आचरण में परिवर्तन लाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में उदाहरण प्रस्तुत करें। किसी भी अवसर पर ऐसा कोई कार्य न हो, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो। बिरला ने कहा कि शहर की सुंदरता को बनाए रखना केवल प्रशासन या नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि अगले एक वर्ष में कोटा देश के सबसे सुंदर, स्वच्छ एवं हरे-भरे शहरों में शामिल हो। इसके लिए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना होगा। बैठक महापौर अनुसुइया गोस्वामी, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, केडीसी बचनेश अग्रवाल सहित केडीए व निगम अधिकारी मौजूद रहे।