गाजीपुर जमानियां। बिहार सीमा से होकर गुजरने वाले ओवरलोड बालू (लाल बालू) लदे भारी ट्रेलरों की अनियंत्रित आवाजाही से जमानियां और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले इन वाहनों के कारण दुर्घटनाओं और जाम की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।read more:https://pahaltoday.com/district-supply-officer-inspected-the-farmer-registry-camp/
इस समस्या को लेकर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव एवं पूर्व ग्राम प्रधान विजय यादव, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष शिवमूरत यादव, सुब्बा यादव, पप्पू यादव तथा जवाहिर राजभर ने तहसील दिवस में पहुंचकर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक को पत्रक सौंपा और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।विजय यादव ने कहा कि भारी ट्रेलरों की वजह से आम राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की जान हमेशा जोखिम में रहती है। ओवरलोडिंग के कारण वाहनों के असंतुलित होने तथा अचानक ब्रेक लगाने से बड़े हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू से लदे भारी वाहनों के लगातार आवागमन से गंगा नदी पर बना पक्का पुल भी क्षतिग्रस्त हो रहा है, जिससे आवागमन और अधिक खतरनाक हो गया है।उन्होंने बताया कि सीमा जांच चौकियों पर ट्रेलरों के बेतरतीब खड़े होने से अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है। इसके बावजूद खनन विभाग और परिवहन विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।विजय यादव ने भदौरा-जमानियां सड़क मार्ग को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट बताते हुए कहा कि इस मार्ग पर अनेक लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने परिवहन विभाग से सीमावर्ती क्षेत्रों में ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा भारी ट्रेलरों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग की।पत्रक में सड़क सुरक्षा के मद्देनजर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई गई।इस दौरान अपर जिला एवं भू-राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार राम नारायण वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।